गाड़ी पेड़ से टकराई, रेस्टोरेंट संचालक और उसके कर्मचारी की मौत

13

गाड़ी पेड़ से टकराई, रेस्टोरेंट संचालक और उसके कर्मचारी की मौत
सीकर जिले के रींगस कस्बे में मकर संक्रांति की सुबह ड्राइवर को नींद की झपकी आने पर गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर रेफर किया गया है। घटना सुबह करीब 4:30 बजे रींगस से खाटू जाने वाली रोड पर होटल माखन मटकी के पास की है। रींगस पुलिस थाने के एएसआई सांवताराम ने बताया कि आज सुबह करीब 4:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। ऐसे में मौके पर पहुंचे तो पता चला कि एक गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से टकराई गई। घटना में मथुरा निवासी रिंकू सैनी और अमित की मौत हो गई। सांवताराम ने बताया कि हादसे में गाड़ी ड्राइवर दुर्गेश, अजय, केवल और विनोद घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया। घायलों में तीन को गंभीर अवस्था में सीकर के एसके हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहीं दोनों मृतकों के शव रींगस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मथुरा से परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक रिंकू सैनी मथुरा में खुद का रेस्टोरेंट चलाता है और अमित उसके पास हेल्पर के रूप में नौकरी करता है। इसके अलावा दुर्गेश गाड़ी का ड्राइवर है और बाकी लोग रिंकू सैनी के परिचित थे। मकर संक्रांति का त्योहार होने के चलते सभी ने खाटूश्याम जी के दर्शन करने का प्लान बनाया था। ऐसे में सभी लोग रात को मथुरा से रवाना हुए थे। इसके बाद आज सुबह यह हादसा हो गया। पुलिस का मानना है कि ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आई होगी, इसलिए गाड़ी अनबैलेंस होकर पहले तो एक बार पलटी और फिर सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। घटना में गाड़ी का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी को फिलहाल पुलिस थाने पर खड़ा करवाया गया है।