Tax Free: भजनलाल सरकार का बड़ा निर्णय, छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में भी फिल्म ‘शतक’ को टैक्स से राहत
Tax Free: भजनलाल सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष के इतिहास पर आधारित हिंदी फिल्म ‘शतक’ को राजस्थान में जीएसटी मुक्त घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद दर्शकों को टिकट कम कीमत पर उपलब्ध होंगे। आदेश आगामी छह माह तक लागू रहेगा।
छह महीने तक राहत:-
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में प्रदेश के सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स संचालकों को फिल्म के टिकट पर राज्य जीएसटी (SGST) नहीं लेने को कहा गया है। यानी दर्शकों को कर में राहत का सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग फिल्म देखने के लिए प्रेरित होंगे।
संघ के 100 साल के इतिहास पर आधारित:-
फिल्म ‘शतक’ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से लेकर 100 वर्षों की यात्रा, संगठन के विस्तार और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को दर्शाया गया है। हाल ही में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान का फैसला:-
राजस्थान से पहले छत्तीसगढ़ सरकार भी इस फिल्म को टैक्स फ्री कर चुकी है। अब राजस्थान के फैसले के बाद राज्य में फिल्म की दर्शक संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।