Tanker Accident : नेशनल हाईवे पर पलटा तेल टैंकर, 200 मीटर तक फैली आग, एक व्यक्ति जिंदा जला
जालोर। जिले के सिवाड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण हादसा हो गया। एक तेल टैंकर ओवरब्रिज पर पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 200 मीटर तक फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार टैंकर बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा था। सिवाड़ा के पास ओवरब्रिज पर अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया और उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों को देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालक दहशत में आ गए और कई लोग अपने वाहन रोककर दूर हट गए।
इस हादसे में टैंकर में सवार एक व्यक्ति की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति समय रहते बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई। सूचना पर प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
घटना के बाद एहतियातन हाईवे के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया, ताकि कोई और हादसा न हो। फिलहाल टैंकर में भरे ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि नहीं हो सकी है, हालांकि शुरुआती जानकारी में टैंकर गुजरात नंबर का बताया जा रहा है और इसके भारत पेट्रोलियम से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।