Sri Ganganagar: ड्यूटी के दौरान हादसा, DM प्लांट में कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, संदिग्ध हाल में मिला शव

post 872 (1)

Sri Ganganagar: ड्यूटी के दौरान हादसा, DM प्लांट में कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, संदिग्ध हाल में मिला शव

Rajasthan News: श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ स्थित सुपर क्रिटिकल थर्मल परियोजना में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। डीएम प्लांट में कार्यरत तकनीकी कर्मचारी नरेंद्र सिंह सिसोदिया का शव ड्यूटी के दौरान प्लांट परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

सुबह ड्यूटी पर पहुंचे थे:-

मिली जानकारी के अनुसार नरेंद्र सिंह सुबह करीब 7 बजे नियमित शिफ्ट के लिए पहुंचे थे। उन्होंने एक सहकर्मी से साइट का निरीक्षण कर लौटने की बात कही थी। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आने पर साथियों को चिंता हुई।

कनिष्ठ अभियंता ने पंप संचालन को लेकर कई बार फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। करीब 10 बजे दोबारा संपर्क करने की कोशिश भी असफल रही, जिसके बाद कर्मचारियों ने उनकी तलाश शुरू की।

फिल्टर बेड में मिला शव:-

तलाश के दौरान क्लियरिफायर द्वितीय के फिल्टर बेड प्रथम में उनका शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर मौजूद कर्मचारियों के होश उड़ गए। अन्य साथियों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर परियोजना की आवासीय कॉलोनी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव:-

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। दोपहर बाद परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और बाद में शव उन्हें सौंप दिया गया।