SOG Action: 12वीं पास युवक बन गया ‘इंजीनियर’! ब्लूटूथ लगाकर दे रहा था परीक्षा, राजस्थान SOG ने ऐसे दबोचा फर्जी डमी अभ्यर्थी

post 907 (1)

SOG Action On Recruitment Exam Scam: स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने राजस्थान लोक सेवा आयोग की सहायक अभियंता (सिविल) भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाले गुरदीप दास को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र लीक किया गया था।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि आयोग द्वारा 21 मई 2023 को सहायक अभियंता (सिविल) (स्वायत्त शासन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान खुलासा हुआ कि मूल अभ्यर्थी इंद्राज सिंह की जगह किसी अन्य व्यक्ति ने परीक्षा दी थी। प्रवेश पत्र में फोटो बदलकर डमी कैंडिडेट को परीक्षा केंद्र में बैठाया गया। इस मामले में एसओजी पहले ही मूल अभ्यर्थी इंद्राज सिंह सहित उसके सहयोगी परमेश्वर लाल और सलमान खान को गिरफ्तार कर चुकी है।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी:-

जांच में फरार डमी परीक्षार्थी की पहचान गुरदीप दास निवासी ग्राम पातन, थाना आजाद नगर, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के आधार पर डीएसटी भरतपुर टीम के प्रभारी पुलिस निरीक्षक कुशल कुमार ने आरोपी को हरियाणा से हिरासत में लिया, जिसके बाद एसओजी ने औपचारिक रूप से उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गुरदीप दास ने परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से बाहरी मदद हासिल की और मूल अभ्यर्थी को अनुचित लाभ पहुंचाया। जांच में उसकी भूमिका परीक्षा पास कराने की साजिश में महत्वपूर्ण पाई गई है।

केवल 12वीं पास निकला आरोपी:-

तफ्तीश में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास किसी प्रकार की इंजीनियरिंग डिग्री नहीं है और वह महज 12वीं उत्तीर्ण है। इसके बावजूद सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा में उसकी सफलता ने प्रश्नपत्र लीक की आशंका को और गहरा कर दिया है। इस पूरे प्रकरण के प्रश्नपत्र लीक एंगल की भी एसओजी गहन जांच कर रही है।