राजस्थान में हिंदू सम्मेलन से पहले शिवलिंग खंडित, गांव में मचा बवाल, पुलिस जांच में जुटी

post 390 (1)

राजस्थान में हिंदू सम्मेलन से पहले शिवलिंग खंडित, गांव में मचा बवाल, पुलिस जांच में जुटी

Hanumangarh News: गोलूवाला क्षेत्र के समीप स्थित गांव हांसलिया में शनिवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शिवलिंग की स्थापना की गई थी। हालांकि, स्थापना के कुछ ही घंटों बाद देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने शिवलिंग को खंडित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बन गया और हिंदू समाज में आक्रोश फैल गया।

रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से की गई है। आक्रोशित लोगों ने मौके पर धरना देते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई में देरी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

आज आयोजित होगा हिंदू सम्मेलन:-

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब रविवार को गोलूवाला में हिंदू सम्मेलन प्रस्तावित है। ऐसे में हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास किए।

मामला दर्ज, जांच तेज:-

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।