Road Accident: सड़क किनारे खड़े ट्रोले से टकराया तेज रफ्तार ट्रेलर, दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

सीकर। जिले के रामगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह चूरू हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दारूल उलूम मदरसा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रोले में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
रामगढ़ सेठान थाना अधिकारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चूरू रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक की पहचान हरियाणा के जींद जिले के निवासी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान की प्रक्रिया जारी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रेलर चूरू हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से संतुलन खो दिया और ट्रेलर सड़क किनारे खड़े ट्रोले से जा भिड़ा। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दोनों शवों को रामगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
रामगढ़ सेठान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।