बीकानेर में जलभराव से मिलेगी मुक्ति ड्रेनेज के लिए मंजूर हुए इतने करोड़
बीकानेर में जलभराव से मिलेगी मुक्ति ड्रेनेज के लिए मंजूर हुए इतने करोड़
बीकानेर। आखिरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा में घोषणा के 26 महीने बाद शहर के ड्रेनेज सिस्टम के लिए 59 करोड़ रुपए मंजूर हो गए। आपदा प्रबंधन विभाग ने टेक्नीकल स्वीकृति पहले दे दी थी और चार दिन पहले आपदा प्रबंधन मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने भी इस फाइल को मंजूर कर दिया। अब वहां से ऑर्डर आते ही निगम वर्कऑर्डर जारी करेगा। इस प्रोजेक्ट से शहर में चार जगह जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी। यही फाइल वित्त मंत्री दिया कुमारी के विभाग में सालभर तक घूमी पर बजट नहीं मिला।
दरअसल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीएम बनने के बाद पहले ही बजट में बीकानेर के ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने के लिए 100 करोड़ रुपए मंजूर किए थे। बाद में डिप्टी सीएम दिया कुमारी के अधीन वित्त मंत्रालय ने इसमें कटौती कर दी। बचे 59 करोड़ रुपए के लिए एक साल से नगर निगम अधिकारियों से सवाल-जवाब हो रहे हैं। जयपुर के कई चक्कर लगाए मगर पैसा नहीं मिला। डीएलबी ने इसके लिए निगम को कई पत्र लिखकर छोटे-छोटे प्वाइंट पर जवाब मांगा। बावजूद इसके बजट नहीं मिला। मामले ने तूल पकड़ा क्योंकि ये सीएम घोषणा थी। भाजपा नेता और मंत्री हर मंच पर पैसे की कमी ना होने की दुहाई दे रहे थे और सीएम घोषणा के लिए बजट नहीं मिल रहा था। तब सीएम ने इसे आपदा प्रबंधन विभाग से बजट दिलाने के लिए कहा। वित्त मंत्रालय दिया कुमारी के पास है जिनके विभाग में सालभर फाइल घूमती रही और अंत में बजट नहीं मिला। मगर जैसे ही डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के विभाग में फाइल गई तो एक महीने के भीतर ही बजट मिल गया।