Rajasthan: फिजिक्स की क्लास में शिक्षक करवाते थे ये काम, स्टूडेंट्स ने बनाया वीडियो तो मचा हड़कंप, पढ़े पूरी खबर

post 275 (2)

Rajasthan: फिजिक्स की क्लास में शिक्षक करवाते थे ये काम, स्टूडेंट्स ने बनाया वीडियो तो मचा हड़कंप, पढ़े पूरी खबर

Rajasthan News: अजमेर जिले के बड़ल्या स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई के दौरान अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। आरोप है कि फिजिक्स की कक्षा में पढ़ाने के बजाय विद्यार्थियों से कई दिनों तक डांस कराया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जांच समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) को भेजी जाएगी।

कॉलेज में फिजिक्स विषय की कक्षा के दौरान छात्रों से राजस्थानी और हिंदी गीतों पर नृत्य कराया जा रहा था। इससे छात्र-छात्राएं असहज और परेशान थे। मामला कई दिनों तक कॉलेज परिसर के भीतर ही दबा रहा, लेकिन सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद यह सार्वजनिक हो गया।

वायरल वीडियो में एक छात्र क्लासरूम में राजस्थानी गीत पर नृत्य करता नजर आ रहा है। कक्षा में अन्य छात्र-छात्राएं अपनी सीटों पर बैठे हैं और सामने टेबल पर लैपटॉप रखा हुआ है। वीडियो में शिक्षक डांस को ‘कंटीन्यू’ कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।

छात्रों ने बनाया वीडियो:-

लगातार चल रही इस गतिविधि से परेशान कुछ विद्यार्थियों ने डांस का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया।

जांच समिति गठित:-

कॉलेज प्राचार्य डॉ. रेखा मेहरा ने बताया कि फिजिक्स के शिक्षक गुणाराम चौधरी के मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है। समिति में डॉ. वी.सी. जैन को संयोजक बनाया गया है, जबकि डॉ. जे.के. डीगवाल, दिलीप गहलोत और रविंद्र सिंह सदस्य होंगे। कुलसचिव अतुल वाजपेयी को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।

सख्त कार्रवाई के संकेत:-

बीटीयू के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि कक्षा के दौरान इस तरह की गतिविधि गंभीर मामला है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।