Rajasthan: ‘पंचायत चुनाव की चिंता छोड़िए… जेल जाने की तैयारी करें’, मदन दिलावर का डोटासरा पर तीखा पलटवार
Rajasthan: ‘पंचायत चुनाव की चिंता छोड़िए… जेल जाने की तैयारी करें’, मदन दिलावर का डोटासरा पर तीखा पलटवार
जयपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर कड़ा जवाब दिया है। दिलावर ने कहा कि डोटासरा को पंचायत चुनावों की चिंता छोड़कर भर्ती घोटाले में जेल जाने की तैयारी करनी चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान परिसीमन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी दौर की गड़बड़ियों का खामियाजा अब प्रदेश भुगत रहा है। दिलावर ने कहा कि जिस तरह जलदाय विभाग के करोड़ों रुपये के घोटाले में कांग्रेस के कई नेता जेल गए, उसी तरह भर्ती घोटाले में भी कार्रवाई तय है।
डोटासरा बोलते पहले हैं, सोचते बाद में: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी डोटासरा के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा बोलने से पहले नहीं सोचते, इसी वजह से उनके बयान लगातार स्तरहीन और असंसदीय होते जा रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि एक जिम्मेदार विधायक होने के बावजूद शब्दों के चयन में लापरवाही उनकी राजनीतिक हताशा और गिरावट को दर्शाती है।
राठौड़ ने स्पष्ट किया कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी तरह से निर्वाचन आयोग के अधिकार क्षेत्र में आती है और इसमें किसी भी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता।
डोटासरा ने दिया था ये बयान:-
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायती राज संस्थाओं के वार्ड परिसीमन को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा ने पंचायती राज व्यवस्था और परिसीमन प्रक्रिया को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
डोटासरा ने बताया था कि ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद वार्डों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन 17 दिसंबर 2025 तक होना था, जिसे बाद में दो सप्ताह के लिए बढ़ाया गया। इसके बावजूद, चुनाव आयोग द्वारा 31 दिसंबर 2025 को चुनाव प्रक्रिया शुरू करने और हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद भी 20 जनवरी तक अंतिम प्रकाशन नहीं हो पाया।