Rajasthan: पांच बकरों की बलि दो, 25 किलो सोना और 15 किलो चांदी मिलेगी…सच जानकर उड़ जाएंगे होश!

post 999

Rajasthan: पांच बकरों की बलि दो, 25 किलो सोना और 15 किलो चांदी मिलेगी…सच जानकर उड़ जाएंगे होश!

Rajasthan News: जयपुर, गुलाबी नगरी के झोटवाड़ा इलाके में तंत्र-मंत्र और जमीन में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 21 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर ठग ने पूजा-पाठ और बलि के नाम पर न केवल मोटी रकम वसूली, बल्कि कथित सम्मोहन के जरिए पीड़ित को कर्ज के जाल में भी फंसा दिया। ठगी का शिकार निवारू रोड निवासी हिम्मत सिंह चौहान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

ऐसे रचा ठगी का पूरा खेल:-

पीड़ित हिम्मत सिंह ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात शक्ति सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। उसने खुद को तंत्र विद्या में पारंगत बताते हुए दावा किया कि वह जमीन के नीचे छिपा धन देख सकता है। भरोसा जीतने के लिए उसने कोलवा गांव में सात बकरों की बलि देकर गड़ा धन निकालने की झूठी कहानी भी सुनाई। आरोपी ने खेत में छिपे सोना-चांदी को निकालकर करोड़पति बनाने का सपना दिखाया।

पूजा और बलि के नाम पर वसूली:-

जून 2024 में आरोपी ने तंत्र-सामग्री के नाम पर 50 हजार रुपए और पांच बकरों की बलि के लिए 75 हजार रुपए वसूल लिए। इसके बाद वह पीड़ित को गांव ले गया और खेत में 20-25 किलो सोना व 15 किलो चांदी दबे होने का दावा किया। उसने कहा कि धन निकालने के लिए माताजी की विशेष पूजा करनी होगी, जिस पर करीब 25 लाख रुपए खर्च आएगा।

सम्मोहन का दावा, कर्ज में डूबा पीड़ित:-

हिम्मत सिंह के अनुसार इतनी बड़ी रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से उसे सम्मोहित कर लिया। इसके बाद पीड़ित ने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर करीब 20 लाख रुपए आरोपी को दे दिए। ठग ने कहा कि पूजा की खास सामग्री बाहर से मंगवाई जा रही है, जिसमें समय लगेगा।

फर्जी तांत्रिक निकला हिस्ट्रीशीटर:-

रुपए मिलने के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। बाद में मिलने पर भी वह खुद को गुरु बताकर टालता रहा। शक गहराने पर जब पड़ताल की गई, तो बड़ा खुलासा हुआ। शक्ति सिंह के नाम से ठगी करने वाला व्यक्ति असल में किशनगढ़ रेनवाल का हिस्ट्रीशीटर रोशन बावरिया निकला।

पुलिस जांच में सामने आया कि रोशन बावरिया और उसका पूरा परिवार तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ठगी करता रहा है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह अक्सर गाड़ियों में हथियार लेकर घूमता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।