Rajasthan Politics : अशोक गहलोत का पीएम मोदी पर तंज, पुराने वीडियो के जरिए पूछा—गारंटी या जुमला?

Rajasthan Politics : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार, 11 अप्रैल को अपनी चर्चित सीरीज ‘इंतजारशास्त्र’ का चैप्टर-20 जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा। गहलोत ने पीएम मोदी के 2 अक्टूबर 2023 के एक पुराने भाषण का वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया— “मोदी की गारंटी या चुनावी जुमला?”
पुराने वादे पर उठाए सवाल:-
गहलोत ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखाए गए उस बयान का जिक्र किया, जिसमें चुनावी दौरों के दौरान पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया था कि यदि भाजपा सरकार बनती है, तो पूर्ववर्ती सरकार की जनहित योजनाएं बंद नहीं होंगी। इस पर तंज कसते हुए गहलोत ने कहा कि उनकी ‘इंतजारशास्त्र’ सीरीज के अब तक के अध्याय यह दर्शाते हैं कि यह दावा जमीनी स्तर पर पूरा नहीं हुआ।
योजनाओं की अनदेखी का आरोप:-
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं और प्रोजेक्ट्स की उपेक्षा की जा रही है। उनके अनुसार, यह स्थिति जनता के हितों के खिलाफ है और कई योजनाएं या तो धीमी पड़ गई हैं या ठप हो गई हैं।
‘गारंटी’ बनाम हकीकत:-
गहलोत ने अपने बयान में कहा कि अब प्रदेश की जनता ‘गारंटी’ और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर को समझ रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कामकाज से जनता में असंतोष बढ़ रहा है और वादों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्या है ‘इंतजारशास्त्र’
गौरतलब है कि गहलोत पिछले कुछ समय से ‘इंतजारशास्त्र’ नामक सीरीज के जरिए विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की स्थिति को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इस सीरीज के हर चैप्टर में वे उन कार्यों का उल्लेख करते हैं, जो उनके अनुसार नई सरकार आने के बाद प्रभावित हुए हैं।