Rajasthan Panchayat Elections : राजस्थान में पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किए निर्देश

post 323 (1)

Rajasthan Panchayat Elections : राजस्थान में पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किए निर्देश

Rajasthan Panchayat Elections: राजस्थान में होने वाले आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अहम बदलाव किया है। नए निर्णय के तहत पंच और सरपंच पदों के चुनाव अब ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। इस संबंध में आयोग ने सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है। आदेश जारी होते ही जिला निर्वाचन कार्यालयों ने लंबे समय से उपयोग में नहीं लाई जा रही मतपेटियों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है।

हालांकि, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव पहले की तरह ईवीएम से ही होंगे। इस दोहरी मतदान प्रणाली से निर्वाचन अधिकारियों की जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं।

आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पंच और सरपंच चुनाव मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से कराए जाएंगे, साथ ही सुरक्षा इंतजाम पुख्ता रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जहां ईवीएम की कमी या अन्य तकनीकी दिक्कतें सामने आएंगी, वहां भी बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले तीन पंचायती राज चुनावों में सभी पदों के लिए ईवीएम का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन करीब डेढ़ दशक बाद पंच और सरपंच चुनावों में बैलेट प्रणाली की वापसी हो रही है।

प्रशासनिक नजरिए से पंचायती राज चुनावों को सबसे जटिल माना जाता है, क्योंकि इनमें मतदाता सीधे गांव की सरकार चुनते हैं। ऐसे में छोटी-मोटी विवाद की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। अब बैलेट पेपर से मतदान होने पर मतगणना में अधिक समय लगने की संभावना है, जिससे चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारियां बढ़ेंगी।

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, राज्य निर्वाचन आयोग से दिशा-निर्देश मिलते ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और चुनाव प्रक्रिया आयोग की तय गाइडलाइन के अनुसार ही पूरी कराई जाएगी।