Rajasthan: पेपरलीक पर CM भजनलाल का बड़ा आरोप, चयन बोर्ड में पकड़े गए लोगों ने कांग्रेस राज में किया था फर्जीवाड़ा

post 243 (1)

Rajasthan: पेपरलीक पर CM भजनलाल का बड़ा आरोप, चयन बोर्ड में पकड़े गए लोगों ने कांग्रेस राज में किया था फर्जीवाड़ा

Paper Leak Scam: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट किया है कि पेपर लीक और उससे जुड़े मामलों में जहां भी पुख्ता सबूत मिले हैं, वहां एसओजी निष्पक्ष रूप से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी चयन बोर्ड से जुड़े जिन लोगों को पकड़ा गया है, उन्होंने यह फर्जीवाड़ा वर्ष 2019 में किया था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एक मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ द्वारा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को सूचना दिए जाने के बावजूद उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने साढ़े चार साल तक इस गंभीर प्रकरण को दबाए रखा और अब नैतिकता की बात कर रहे हैं। हमारी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

अपराधियों पर सख्ती तय:-

रविवार को सांगानेर स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मामलों को लेकर राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने दो टूक कहा कि अपराध चाहे जिस स्तर का व्यक्ति करे, उसे कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह भी कहा कि एसओजी को कार्रवाई के निर्देश किसी राजनीतिक उद्देश्य या किसी विशेष सरकार को निशाना बनाने के लिए नहीं दिए गए हैं, बल्कि भर्ती प्रक्रियाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने के लिए दिए गए हैं।