Rajasthan Budget 2026: राजस्थान बजट से बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, हजारों पदों पर होमगार्ड्स की भर्ती करेगी सरकार

post 568 (1)

Rajasthan Budget 2026: राजस्थान की भजनलाल सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए साइबर अपराध, भ्रष्टाचार नियंत्रण और जेल आधुनिकीकरण पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए राज्य में R4C (राजस्थान रैपिड रिस्पॉन्स फॉर साइबर क्राइम) सेंटर स्थापित किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, यह सेंटर पुलिस और साइबर विशेषज्ञों के संयुक्त समन्वय से कार्य करेगा तथा वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। साथ ही नागरिकों को जागरूकता और हेल्पलाइन सहायता भी प्रदान की जाएगी।

ACB को मिला मजबूत आधार:-

भ्रष्टाचार निरोधक कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के रिवॉल्विंग फंड को 4 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7 करोड़ रुपये किया गया है। अतिरिक्त बजट से ट्रैप कार्रवाई, जांच संसाधन और तकनीकी समर्थन को मजबूती मिलेगी।

5,000 शहरी होमगार्ड्स की भर्ती

शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 5,000 नए होमगार्ड वॉलंटियर्स की भर्ती की जाएगी। इससे पुलिस बल को सहयोग मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

चार शहरों में नई सेंट्रल जेलें:-

जयपुर, जोधपुर, अलवर और उदयपुर में अत्याधुनिक सेंट्रल जेलों का निर्माण किया जाएगा। लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इन जेलों में हाई-टेक सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुधारात्मक कार्यक्रमों की व्यवस्था होगी।

उपभोक्ता आयोगों में डिजिटल सुनवाई:-

राज्य और जिला उपभोक्ता आयोगों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे लोग घर बैठे ही अपनी सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। सरकार का मानना है कि इससे न्याय प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी।