Rajasthan: CBN की बड़ी कार्रवाई, गुप्त ड्रग फैक्ट्री का खुलासा, 5.89 किलो मादक पदार्थ बरामद

post 94

Rajasthan: CBN की बड़ी कार्रवाई, गुप्त ड्रग फैक्ट्री का खुलासा, 5.89 किलो मादक पदार्थ बरामद

चित्तौड़गढ़: जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान इकाई ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार को सीबीएन टीम ने एक गुप्त ड्रग निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए लाखों रुपये कीमत के प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए। इस कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

यह अवैध फैक्ट्री चित्तौड़गढ़ तहसील क्षेत्र के सुरजना गांव से दूर आबादी से अलग एक सुनसान इलाके में बने बड़े मकान में संचालित हो रही थी, ताकि किसी को भनक न लग सके।

एक आरोपी गिरफ्तार:-

उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा नरेश बुंदेल ने बताया कि सीबीएन चित्तौड़गढ़ की तृतीय खंड टीम को इस अवैध गतिविधि को लेकर पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद सीबीएन के खंड प्रथम, द्वितीय और तृतीय के साथ निवारक एवं आसूचना प्रकोष्ठ की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने सुनियोजित तरीके से सुरजना गांव के पास स्थित उक्त मकान पर दबिश दी, जहां से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

मादक पदार्थों का जखीरा जब्त:-

तलाशी के दौरान सीबीएन अधिकारियों ने कुल 5.894 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए। इसमें 107 ग्राम मेफेड्रोन पाउडर, 3.961 किलोग्राम मेफेड्रोन का कच्चा माल और 1.826 किलोग्राम एल्प्राजोलाम पाउडर शामिल है। इसके साथ ही करीब 200 किलोग्राम रसायन, ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक लैब उपकरण और तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर इसी स्थान पर अवैध रूप से मेफेड्रोन का निर्माण कर रहा था। जब्त की गई समस्त सामग्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत सीज किया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और एजेंसियां कच्चे माल की आपूर्ति, आर्थिक लेन-देन और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।