Police Action: पंजाब में गैंगवार से पहले हनुमानगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 पिस्टल के साथ पकड़े बंबीहा गैंग के 2 गुर्गे
Police Action: हनुमानगढ़ के टाउन थाना पुलिस ने पंजाब में संभावित गैंगवार की बड़ी साजिश को विफल करते हुए रविवार को बंबीहा गैंग से जुड़े दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी इंदौर से पंजाब की ओर 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन लेकर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब में गैंगवार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना था।
प्रेस वार्ता में खुलासा:-
कार्रवाई की जानकारी बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश और हनुमानगढ़ एसपी हरीशंकर यादव ने लखुवाली चौकी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। कार्रवाई एसपी, एएसपी अरविंद बिश्नोई और सीओ सिटी मीनाक्षी के सुपरविजन में टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में की गई।
बस से जा रहे थे पंजाब:-
मुखबिर की सूचना पर लखुवाली चौकी प्रभारी किशोर मान ने मेगा हाईवे पर नाकाबंदी की। एक बस को रुकवाकर जांच की गई तो दो संदिग्ध युवक बस से उतरकर नहर की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने पीछा कर तलाशी ली, जिसमें उनके बैग से 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन (30) और पवनदीप सिंह उर्फ बिल्ला उर्फ सन्नी (25), निवासी बरगाड़ी, तहसील जैतो, जिला फरीदकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। पवनदीप के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि अमनदीप पर मारपीट के प्रकरण चल रहे हैं।
‘भैया’ को होनी थी सप्लाई:-
एसपी हरीशंकर यादव के अनुसार, दोनों आरोपी बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। हथियारों की खेप विशाल उर्फ भैया को सौंपनी थी, जो आगे अन्य गैंगों तक सप्लाई करता। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
सारा असला देशी:-
पुलिस के मुताबिक बरामद सभी हथियार देशी हैं। इन्हें मध्यप्रदेश के खरगोन से खरीदा गया था और फरीदकोट (पंजाब) में सप्लाई किया जाना था। जब्त पिस्टल अच्छी गुणवत्ता की बताई जा रही हैं।
टीम की सराहना:-
आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि कार्रवाई में सउनि किशोर मान, सउनि जसवंत सिंह, कांस्टेबल रामनारायण और कांस्टेबल राकेश की विशेष भूमिका रही। एसपी को टीम की पदोन्नति के लिए विशेष प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।