तेज रफ्तार जीप ने स्कूटी को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत

3

तेज रफ्तार जीप ने स्कूटी को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत

जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर दो बजे हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दी। गोविंदगढ़ के पास बधाला कट पर सीकर से जयपुर की ओर जा रही एक जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में आ गई और एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई और 9 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने शवों को चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए। पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक फरार हो गया। हादसे में चौमूं वार्ड 1 निवासी रिटायर्ड शिक्षक सत्यनारायण सैनी (66) अपने बेटे एडवोकेट विजेंद्र सैनी (30) और पोते मनवीर (9) के साथ स्कूटी पर सवार होकर श्रीमाधोपुर जलवा पूजन कार्यक्रम में विजेंद्र के ससुराल के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन बधाला कट के समीप तेज रफ्तार जीप ने पिता सत्यनारायण व विजेन्द्र की जिंदगी छीन ली, जबकि 9 वर्षीय मनवीर घायल हो गया।