राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना, 2 मासूम बेटों को कुएं में फेंका, फिर ट्रेन के आगे कूदकर मां ने दे दी जान

post 988 (1)

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कपासन थाना क्षेत्र के काच्छिया खेड़ी गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने अपने दो मासूम बेटों की हत्या करने के बाद खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार काच्छिया खेड़ी निवासी अणछी पत्नी पारसमल कच्छावा मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने दो बेटों सूरज (5 वर्ष) और दो माह के सोनू को साथ लेकर घर से निकली थी। शाम करीब साढ़े छह बजे उसने गांव के पास स्थित करीब 40 फीट गहरे और पानी से भरे कुएं में दोनों बच्चों को फेंक दिया।

बताया जा रहा है कि मासूमों को कुएं में फेंकने के बाद महिला पास ही रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और उदयपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला जा रही चेतक एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई:-

घटना की सूचना शाम करीब 6:30 बजे कपासन पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक शंकरलाल सालवी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के शव को उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में भिजवाया। पहचान के दौरान पता चला कि महिला सुबह से अपने बच्चों के साथ लापता थी।

इसी दौरान ग्रामीणों को जानकारी मिली कि गांव के एक कुएं में दो बच्चों के शव तैरते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत कर दोनों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया, जहां बुधवार को उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया।

घटना की जांच में जुटी पुलिस:-

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार मृतका का पीहर राशमी थाना क्षेत्र के हरनाथपुरा गांव में है।

फिलहाल महिला द्वारा इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पूरे गांव में इस घटना के बाद गहरा शोक और स्तब्धता का माहौल है।