IMD Forecast: राजस्थान में ठंड बढ़ेगी या मिलेगी राहत? अगले सात दिनों के तापमान को लेकर मौसम विभाग ने जारी की बड़ी अपडेट
IMD Forecast: राजस्थान में ठंड बढ़ेगी या मिलेगी राहत? अगले सात दिनों के तापमान को लेकर मौसम विभाग ने जारी की बड़ी अपडेट
जयपुर। राजस्थान में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर अफगानिस्तान और उससे सटे क्षेत्रों में सक्रिय है, लेकिन इसका प्रभाव राज्य पर खास नहीं पड़ेगा। मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी पवनों के साथ बना ट्रफ उत्तर दिशा में स्थित है, जिससे प्रदेश में बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम करीब 130 नॉट्स की रफ्तार से सक्रिय है, हालांकि इसका सीधा असर राजस्थान के मौसम पर नहीं दिखाई देगा।
8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल कम है।
अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। सुबह और शाम हल्की सर्दी बनी रहेगी, जबकि दिन में मौसम सामान्य रहेगा। किसानों और आमजन के लिए यह मौसम फिलहाल अनुकूल माना जा रहा है। मौसम विभाग ने अभी किसी तरह की वर्षा या तेज हवाओं की चेतावनी जारी नहीं की है।