IMD Alert: राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम, इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

post 205

IMD Alert: राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम, इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

IMD Alert: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम ने करवट ले ली है। जयपुर सहित कई जिलों में अलसुबह से झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में देर रात तक हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग ने पहले ही डबल अलर्ट जारी करते हुए बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी।

आज इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट:-

IMD ने 23 जनवरी के लिए झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन, वज्रपात, 40–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन और नागौर में येलो अलर्ट जारी किया है।

धौलपुर, जैसलमेर और जोधपुर, में देर रात हुई बारिश:-

धौलपुर, जैसलमेर और जोधपुर में गुरुवार देर रात बारिश हुई। बीकानेर और जैसलमेर के पाकिस्तान बॉर्डर से सटे इलाकों में तेज आंधी चली, जबकि सीमावर्ती रामगढ़ कस्बे में तेज गर्जना के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई।

सीकर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान:-

सीकर के रींगस उपखंड सहित शेखावाटी क्षेत्र में देर रात तेज बारिश और ओलावृष्टि से खेत सफेद चादर में ढक गए। इससे किसानों को भारी फसल नुकसान की आशंका है।

अजमेर और खैरथल-तिजारा में बिजली चमकने के साथ हुई बारिश:-

खैरथल-तिजारा के टपूकड़ा और अजमेर के भिनाय में काले बादल छाए रहे। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई।

मावठ के साथ वसंत का आगमन:-

प्रदेश में मावठ के साथ ऋतुराज वसंत का आगमन हुआ। वसंत पंचमी पर हजारों शादियां होनी हैं, लेकिन अचानक बारिश ने कई समारोहों में खलल डाला। मौसम विभाग के अनुसार आज ओलावृष्टि और कल हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद अगले सप्ताह 26 से 28 जनवरी के बीच एक और सिस्टम सक्रिय होकर मौसम में फिर बदलाव ला सकता है।