IMD Alert: राजस्थान में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 16 जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी
IMD Alert: राजस्थान में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 16 जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी
IMD Orange Alert Rajasthan: राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करौली में 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने आज 22 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना जताई है।
झुंझुनूं, सीकर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट:-
वहीं 23 जनवरी को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र के साथ जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में भी मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान राज्य के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अलवर, भरतपुर समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट:-
24 जनवरी को झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में घने कोहरे की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 25 जनवरी को अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
26 से 28 जनवरी के बीच सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ:-
मौसम विभाग के अनुसार 26, 27 और 28 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभागों में हल्की बारिश होने की संभावना है।