IGNP : राजस्थान के 12 जिलों के किसानों में बढ़ी बेचैनी, जल संसाधन विभाग के अफसर पहुंचे पंजाब, जानें क्यों

post 204

IGNP : राजस्थान के 12 जिलों के किसानों में बढ़ी बेचैनी, जल संसाधन विभाग के अफसर पहुंचे पंजाब, जानें क्यों

IGNP : इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) के रेग्यूलेशन पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पंजाब की ओर से हरिके हैड से पानी की आपूर्ति घटाए जाने के बाद राजस्थान में नहर का रेग्यूलेशन प्रभावित होने लगा है। यदि जल्द पानी की मात्रा नहीं बढ़ी तो वरीयता वाली नहरों के प्रभावित होने की आशंका से अधिकारी भी इनकार नहीं कर रहे हैं।

जल संसाधन विभाग, हनुमानगढ़ स्तर पर 21 जनवरी से आइजीएनपी में तीन में एक समूह का रेग्यूलेशन लागू कर दिया गया है। बीबीएमबी द्वारा तय वर्तमान शेयर के अनुसार यह व्यवस्था 13 मार्च तक प्रभावी रहेगी। इसके चलते किसानों को अब करीब 25 दिन के अंतराल में सिंचाई का पानी मिलेगा। इससे पहले 20 जनवरी तक नहर चार में से दो समूह में संचालित हो रही थी, जिससे 17 दिन में पानी उपलब्ध हो रहा था।

पानी घटने से बढ़ी चिंता:-

रेग्यूलेशन बदलने के बाद अब फिरोजपुर फीडर में बंदी के कारण पंजाब ने इंदिरा गांधी फीडर में भी पानी कम कर दिया है। कॉमन बैंक की सुरक्षा का हवाला देते हुए पंजाब ने गुरुवार सुबह एहतियातन हरिके हैड से पानी की मात्रा घटा दी, जिससे नया संकट खड़ा हो गया है।

पंजाब पहुंचे राजस्थान के अधिकारी:-

नहर में तय मात्रा से कम पानी मिलने की सूचना पर जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील कटारिया, अधीक्षण अभियंता रामाकिशन सहित अधिकारियों की टीम हरिके हैड पहुंची और पंजाब के अधिकारियों से पानी बढ़ाने को लेकर वार्ता की।

7850 क्यूसेक की जरूरत मिलेगा 6700:-

अधीक्षण अभियंता रामाकिशन ने बताया कि तीन में एक समूह के रेग्यूलेशन के लिए आइजीएनपी में 7850 क्यूसेक पानी आवश्यक है, लेकिन वर्तमान में पंजाब की ओर से केवल 6700 से 6800 क्यूसेक पानी मिल रहा है। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो रेग्यूलेशन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

विभाग की टीम पंजाब सरकार से लगातार समन्वय कर रही है और पानी की मात्रा बढ़ाने का प्रयास जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही समाधान निकल आएगा। उल्लेखनीय है कि आइजीएनपी के माध्यम से बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, नागौर, जैसलमेर, जोधपुर सहित प्रदेश के 12 जिलों को जलापूर्ति होती है।