Govt Jobs: 18 अप्रैल को होगी कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा, 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 18 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस परीक्षा में 40,872 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए 121 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन की व्यवस्था:-
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने जानकारी दी कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या 116 में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 16 और 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा, जबकि 18 अप्रैल को सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्ति तक सक्रिय रहेगा। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए 0141-2206699 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
विभागों को जिम्मेदारी, सुरक्षा पर फोकस:-
परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, नगर निगम, यातायात पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, नागरिक सुरक्षा, विद्युत विभाग, रोडवेज और जेसीटीसीएल समेत कई विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।