Cyber Crime: गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर रिटायर्ड आईएएस से 12.47 लाख की ठगी

post 1467 (1)

अलवर। साइबर ठग अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। गैस कनेक्शन अपडेट कराने के बहाने एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी से 12.47 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में साइबर थाने में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, स्कीम नंबर-8, मकान नंबर-266 निवासी 76 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस जगदीश प्रसाद मीणा के पास 7 अप्रैल को एक कॉल आया। कॉल करने वालों ने उनकी पत्नी के नाम गैस कनेक्शन को अपडेट कराने की बात कही। ठगों ने उन्हें एक ऐप डाउनलोड करने को कहा, लेकिन मीणा ने अनभिज्ञता जताते हुए कोई जानकारी साझा नहीं की।

इसके बाद ठगों ने दोबारा संपर्क कर गैस कनेक्शन पर बकाया राशि होने की बात कही और एटीएम कार्ड डिटेल्स मांगी। इस बार मीणा उनके झांसे में आ गए और कार्ड नंबर साझा कर दिया। इसके बाद 8 अप्रैल को चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ठगों ने उनके खाते से 12.47 लाख रुपए निकाल लिए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

आपदा में अवसर तलाश रहे ठग:-

रसोई गैस की कमी का फायदा उठाते हुए साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। वे ‘गैस बुकिंग’ या ‘कनेक्शन अपडेट’ के नाम पर कॉल कर लोगों को डराते हैं कि आधार लिंक नहीं होने या अन्य खामी के कारण गैस सेवा बंद हो सकती है। घबराहट में लोग अपनी निजी जानकारी साझा कर देते हैं, जिसका फायदा उठाकर ठग बड़ी रकम हड़प लेते हैं।