Crime News: महिला-पुरुष लग्जरी कार से कर रहे थे स्मैक की तस्करी, नाकाबंदी देखकर बदलने लगे दिशा, पुलिस जांच में किया चौंकाने वाला खुलासा

post 1002 (1)

Crime News: महिला-पुरुष लग्जरी कार से कर रहे थे स्मैक की तस्करी, नाकाबंदी देखकर बदलने लगे दिशा, पुलिस जांच में किया चौंकाने वाला खुलासा

Crime News: कोटा, उद्योग नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को ऑपरेशन गरुड़ व्यूह के तहत एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपियों के कब्जे से 72.47 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा 9 लाख 75 हजार रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त एक लग्जरी कार भी जब्त की गई है।

सीआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात दाईं मुख्य नहर फोरलेन की स्लीप लेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक लग्जरी कार नाकाबंदी देखकर अचानक दिशा बदलने लगी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।

संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन का पीछा कर उसे रुकवाया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार रामस्वरूप उर्फ राजू उर्फ बाबा और राधा बाई के पास से 72.47 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके साथ ही 9.75 लाख रुपये नकद, एक चाकू और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार को भी जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ उद्योग नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

दो साल से कर रहे थे तस्करी:-

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से स्मैक तस्करी के धंधे में सक्रिय थे। वे केवल चुनिंदा और भरोसेमंद लोगों को ही नशे की सप्लाई करते थे, जिससे लंबे समय तक पुलिस की नजरों से बचे रहे।

आरोपियों ने खरीदारों को अपना स्थायी पता भी साझा नहीं किया था, ताकि उनकी पहचान गोपनीय बनी रहे। पुलिस अब तस्करी से अर्जित संपत्तियों की जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।