Crime News: घुटनों के इलाज के नाम पर बुजुर्ग से लाखों की ठगी; तीन आरोपी गिरफ्तार

Crime News: राजस्थान के अजमेर में एक संगठित गिरोह ने बुजुर्ग को निशाना बनाकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले खुद को मददगार बताकर भरोसा जीता और फिर एक कथित डॉक्टर के पास भेज दिया, जो असल में उसी गिरोह का सदस्य निकला।
इलाज के नाम पर 73 बार ठगी:-
मुख्य आरोपी मोहम्मद कादिर ने खुद को “डॉ. समीर जरीवाला” बताकर इलाज शुरू किया। उसने घुटनों से ‘सिंधी’ नाम के उपकरण से मवाद निकालने का झूठा नाटक रचा। इसी बहाने 73 बार इलाज करने का दावा कर बुजुर्ग से धीरे-धीरे 4 लाख 39 हजार रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित हरिराम किशनचंद मूलचंदानी (62) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
250 CCTV से खुला राज:-
पुलिस टीम ने करीब 250 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक लाल रंग की कार संदिग्ध रूप से सामने आई, जिसका इस्तेमाल आरोपी कर रहे थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस गिरोह तक पहुंचने में सफल रही।
भोपाल से गिरफ्तारी:-
तीनों आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय वे एक और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पकड़े गए आरोपियों में दीन मोहम्मद, मोहम्मद कादिर और मोहम्मद आसिफ शामिल हैं।
बरामदगी में चौंकाने वाले खुलासे:-
आरोपियों के पास से 33,800 रुपए नकद, इलाज में इस्तेमाल उपकरण, दवाइयां, स्प्रे, 12 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए। इससे साफ है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से ठगी कर रहा था।
ऐसे बनाते थे शिकार:-
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों में बुजुर्गों और कमजोर लोगों को टारगेट करता था। एक सदस्य पहले विश्वास जीतता, फिर फर्जी डॉक्टर के पास भेजकर इलाज के नाम पर ठगी की जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है और अब उनसे जुड़े और मामलों की जांच की जा रही है।