Crime News: युवक की हत्या कर शव को लेकर 26 किलोमीटर तक कार में घूमते रहे आरोपी, बाद में कुएं में फेंका शव, पुलिस ने किया खुलासा
Rajasthan News: राजसमंद, पैसों के लेनदेन से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को डिटेन किया है। यह मामला धोईंदा निवासी हरिश जोशी की हत्या से जुड़ा है, जिनकी गुमशुदगी को लेकर कांकरोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
काफी समय तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। बीते सोमवार को बड़ी संख्या में लोग जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने 48 घंटे के भीतर मामले के खुलासे की मांग करते हुए अल्टीमेटम भी दिया था।
आक्रोश के बाद पुलिस हरकत में आई और एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने हरिश जोशी की गुमशुदगी से जुड़े हर पहलू की गहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरिश का शव घासा थाना क्षेत्र के एक कुएं में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए उदयपुर भिजवाया गया।
जांच में तकनीकी साधनों का उपयोग:-
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने उदयपुर जिले के निवासी जसवंत सिंह और गजेंद्र सिंह को डिटेन किया। पूछताछ में दोनों ने हरिश जोशी की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
बताया गया कि मृतक का मोबाइल फोन बंद होने के कारण जांच में शुरुआती दौर में दिक्कतें आईं, लेकिन तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस ने मामले को सुलझा लिया।
लेनदेन बना हत्या की वजह:-
पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने कांकरोली थाने में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक और दोनों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी पैसों का लेनदेन सामने आया है। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
नाथद्वारा में हत्या, घासा क्षेत्र में फेंका शव:-
एसपी गुप्ता ने बताया कि हरिश जोशी 30 दिसंबर से लापता था। उसी दिन आरोपियों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात नाथद्वारा क्षेत्र में की गई, जिसके बाद आरोपी शव को उदयपुर ले जाकर घासा थाना क्षेत्र के एक कुएं में डाल आए। पुलिस आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपेगी।