बीकानेर: बिजली के खंभे पर काम के दौरान पोल टूटा, ऊंचाई से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत
बीकानेर: बिजली के खंभे पर काम के दौरान पोल टूटा, ऊंचाई से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत
बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम के दौरान हुए हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। खंभे पर चढ़कर कार्य करते समय अचानक पोल टूट गया, जिससे युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान पीबीएम अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
घटना नोखा के नवल बस्ती क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक के पिता ओमप्रकाश पुत्र धर्माराम, निवासी रासीसर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 8 जनवरी की दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच उनका बेटा राजाराम बिजली के खंभे पर चढ़कर मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक खंभा टूट गया और राजाराम ऊंचाई से जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे में राजाराम के सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।