बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ सहित दो युवक गिरफ्तार
बीकानेर: नोखा क्षेत्र में जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश पर जसरासर थाना पुलिस ने रविवार देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम के साथ दो युवकों को कार सहित गिरफ्तार किया है।
जसरासर थाने में तैनात प्रशिक्षु आरपीएस गौरव सारस्वत के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त करते हुए जसरासर से साधासर मार्ग पर उत्तमामदेसर गांव के पास पहुंची। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की कार संदिग्ध हालात में दिखाई दी। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें बैठे दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 38 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से भरतराम और मदनलाल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके कब्जे से 4 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और कार को जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रकरण की आगे की जांच देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत द्वारा की जाएगी।