बीकानेर संभाग : अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बड़ी मात्रा में कारतूस और एक रिवॉल्वर जब्त
बीकानेर संभाग : अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बड़ी मात्रा में कारतूस और एक रिवॉल्वर जब्त
बीकानेर संभाग : अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत श्रीगंगानगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध रिवॉल्वर और 567 कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई न सिर्फ जिले, बल्कि प्रदेश स्तर पर अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि सादुलशहर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध रिवॉल्वर, 563 जिंदा कारतूस और 4 खाली कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्यामसुंदर पुत्र धनराज (26 वर्ष), निवासी श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में कारतूसों की सप्लाई से जुड़े अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में कारतूसों की बरामदगी राजस्थान में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगियों में शामिल है। उन्होंने सादुलशहर थाना पुलिस की टीम की सराहना करते हुए कहा कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।