बीकानेर: लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर घर में घुसकर जानलेवा हमला, युवक सहित परिवार के चार सदस्य घायल
बीकानेर: लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर घर में घुसकर जानलेवा हमला, युवक सहित परिवार के चार सदस्य घायल
बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के गांव जैसा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और उसके परिवार पर घर में घुसकर मारपीट व हवाई फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में युवक सहित उसके पिता, माता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
ट्रोमा सेंटर में उपचाराधीन गांव जैसा निवासी पुखराज पुत्र पुरबाराम सुथार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मजदूरी करता है। करीब एक माह पहले वह एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था, जिसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज भी तैयार किए गए थे।
पीड़ित के अनुसार गुरुवार शाम करीब छह से सात बजे के बीच वह अपने पिता, माता, बहन और महिला के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान तीन गाड़ियों में सवार होकर आए 10-15 लोगों ने जबरन घर में घुसकर लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान पुखराज के सिर पर गंभीर वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। वहीं उसके पिता, माता और बहन को भी लाठियों से पीटा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। हमलावरों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने से गांव में दहशत फैल गई और भय के कारण ग्रामीण बीच-बचाव नहीं कर सके। इस दौरान महिला जान बचाने के लिए रसोई में छिप गई।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बचाया। बाद में सभी घायलों को इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।