बीकानेर: बस का इंतजार कर रहे बुजुर्ग को आया हार्ट अटैक, युवक की तत्परता से टली अनहोनी
बीकानेर। लूणकरणसर कस्बे के राजपुरिया फांटा के पास स्थित एक होटल पर बस का इंतजार कर रहे एक बुजुर्ग को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। बुजुर्ग के अचेत होकर गिरते ही मौके पर मौजूद एक युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत सीपीआर देकर उनकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार खोड़ाला निवासी सुखराम डूडी अपने गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। पास बैठे व्यक्ति ने तुरंत होटल संचालक मनोज सेन को इसकी सूचना दी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए मनोज सेन ने बिना घबराए बुजुर्ग को तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में उनकी सांसें वापस चलने लगीं। इसके बाद उन्हें तत्काल लूणकरणसर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
मनोज सेन ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले मोबाइल पर सीपीआर से संबंधित एक वीडियो देखा था, जिससे उन्हें आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार देने की जानकारी मिली। जब वे बुजुर्ग के पास पहुंचे तो उनकी छाती की स्थिति देखकर हार्ट अटैक का अंदेशा हुआ और उन्होंने तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया। समय पर दी गई सहायता से बुजुर्ग की जान बच सकी।