बीकानेर पुलिस की बड़ी सफलता, गुम और चोरी हुए 170 मोबाइल बरामद

POST 211

बीकानेर पुलिस की बड़ी सफलता, गुम और चोरी हुए 170 मोबाइल बरामद

Bikaner News: जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 16 थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 170 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी गई है। ये मोबाइल अलग-अलग थाना क्षेत्रों और साइबर पुलिस थाने में दर्ज गुमशुदगी व चोरी के मामलों से जुड़े थे।

पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने शुक्रवार को सदर थाना सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि CISR पोर्टल के जरिए इन मोबाइल फोन पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। जैसे ही मोबाइल फोन सक्रिय हुए, पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद कर लिया।

एसपी सागर ने बताया कि शुक्रवार से ही बरामद मोबाइल फोन उनके मूल मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित लोगों को सूचना भेज दी गई है और थाना स्तर व साइबर सेल के माध्यम से मोबाइल सुपुर्द किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल बुजुर्गों, महिलाओं और छात्रों के हैं। मोबाइलों की बरामदगी केवल राजस्थान से ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और हरियाणा सहित कई अन्य राज्यों से भी की गई है।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने के साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सके और साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।