बडी खबर: अवैध डोडा-पोस्त ले जा रही SUV दुर्घटनाग्रस्त, दो तस्कर गंभीर घायल, पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर जांच शुरू की

post 170

बडी खबर: अवैध डोडा-पोस्त ले जा रही SUV दुर्घटनाग्रस्त, दो तस्कर गंभीर घायल, पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर जांच शुरू की

बीकानेर। भारत माला एक्सप्रेस-वे पर शाम को मादक पदार्थ तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया। अवैध डोडा-पोस्त ले जा रही एसयूवी कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार दो तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा चाम्पासर सरहद क्षेत्र में हुआ। एसयूवी कार श्रीलक्ष्मणनगर से बूंगड़ी होते हुए बीकानेर की ओर जा रही थी, तभी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। जोरदार टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर रेलिंग और डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र के शोभाला गांव निवासी जगदीश पुत्र मघाराम जाट और खडीन निवासी गौसाईराम सारण गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों वाहन में फंसे रहे, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को पांचू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।

भोजासर थानाधिकारी जमील खान ने बताया कि दुर्घटनास्थल के पास से दो थैले बरामद किए गए, जिनमें डोडा-पोस्त भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार सवार अवैध मादक पदार्थ ले जा रहे थे। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। ट्रोमा सेंटर में घायलों के इलाज के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।