राजस्थान के 9.54 लाख अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, शिक्षक भर्ती परीक्षा में डिजिटल सत्यापन सहित नए नियम लागू, पढ़े पूरी खबर
राजस्थान के 9.54 लाख अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, शिक्षक भर्ती परीक्षा में डिजिटल सत्यापन सहित नए नियम लागू, पढ़े पूरी खबर
Teacher Recruitment Exam: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के सामने नए साल की शुरुआत में ही बड़ी चुनौती खड़ी है। बोर्ड को जनवरी में शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित करनी है, जिसमें प्रदेश भर से लाखों अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा बोर्ड के लिए एक अहम कसौटी मानी जा रही है।
शिक्षक भर्ती परीक्षा दो स्तरों में कराई जाएगी। इसमें कुल 9 लाख 54 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। लेवल वन की परीक्षा 17 जनवरी को आयोजित होगी, जबकि लेवल टू की परीक्षाएं 18, 19 और 20 जनवरी को अलग-अलग तिथियों में होंगी। सभी परीक्षाएं एक ही पारी में आयोजित की जाएंगी और प्रत्येक परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है।
पहली बार लागू होंगे सख्त प्रावधान:-
बोर्ड के अनुसार, परीक्षा से पूर्व 12 जनवरी को ई-प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए ई-एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा। इस बार डिजिटल सत्यापन प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया गया है, जो इतनी बड़ी परीक्षा में पहली बार देखने को मिलेगा।
परीक्षा का आयोजन राज्यभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। साथ ही अभ्यर्थियों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। देर से पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।