राजस्थान को निवेश की बड़ी सौगात, 13 हजार युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए द्वार, पढ़े पूरी खबर
राजस्थान को निवेश की बड़ी सौगात, 13 हजार युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए द्वार, पढ़े पूरी खबर
Rajasthan News: राजस्थान में निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजस्थान स्टेट एम्पावर्ड कमेटी (SEC) ने करीब 49,883 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। ये परियोजनाएं कस्टमाइज्ड पैकेज के तहत स्वीकृत की गई हैं, जिनमें राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) से अतिरिक्त प्रोत्साहन दिए जाएंगे। समिति की बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने की।
बैठक में नवीकरणीय ऊर्जा, सीमेंट, स्टील, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, मेडिकल, शिक्षा, खनन, पेट्रोलियम और होटल सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े निवेश प्रस्तावों पर विचार किया गया। सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में लगभग 13,271 नए रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिससे युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
कई बड़ी कंपनियों को भी मिलेगा लाभ:-
कस्टमाइज्ड पैकेज के लिए पात्र कंपनियों में जिंदल रिन्यूएबल पावर, स्टार सीमेंट, डालमिया भारत ग्रीन विजन, जेएसडब्ल्यू सीमेंट, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स, संगम (इंडिया), जिंदल सॉ, फॉर्च्यून फाउंडेशन और गोयल फैशंस शामिल हैं। इन निवेशों से राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
निवेश के लिए आसान माहौल पर सरकार का जोर:-
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, सरल और निवेशक-अनुकूल माहौल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिससे टिकाऊ औद्योगिक विकास सुनिश्चित हो और इसके लाभ निवेशकों के साथ-साथ आम नागरिकों तक भी पहुंचें।
राज्य सरकार के अनुसार, बीते एक वर्ष में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई अहम सुधार किए गए हैं। इनमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन एमओयू सुविधा, राजनिवेश पोर्टल के माध्यम से 19 विभागों की 170 से अधिक सेवाओं के लिए समयबद्ध स्वीकृति, जीआईएस आधारित औद्योगिक भूमि डेटाबेस और भूमि आवंटन के लिए ई-ऑक्शन पोर्टल शामिल हैं। सरकार ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में अब तक RIPS के तहत करीब 1,500 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन उद्योगों को वितरित किए जा चुके हैं।