Accident: चैकिंग के दौरान बड़ा हादसा, ट्रक ने ड्यूटी पर तैनात RTO इंस्पेक्टर के ड्राइवर को कुचला; दर्दनाक मौत

post 649 (1)

Accident: चैकिंग के दौरान बड़ा हादसा, ट्रक ने ड्यूटी पर तैनात RTO इंस्पेक्टर के ड्राइवर को कुचला; दर्दनाक मौत

Accident: जयपुर के कानोता थाना क्षेत्र में हिंगोनिया टोल प्लाजा के पास रिंग रोड पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आरटीओ इंस्पेक्टर के वाहन चालक की जान चली गई। घटना उस समय हुई जब परिवहन विभाग की टीम वाहनों की जांच और चालान कार्रवाई में जुटी थी।

परिवहन निरीक्षक असगर अली खान ने बताया कि हिंगोनिया टोल प्लाजा पर नियमित चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान आगरा रोड की ओर से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने परिवहन विभाग के संविदा चालक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय राजाराम रावत, निवासी पनियाला (कोटपूतली) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आगरा रोड की दिशा से आए ट्रक और उसके चालक की तलाश जारी है।

राजस्व टारगेट का दबाव:-

बताया जा रहा है कि परिवहन विभाग में राजस्व लक्ष्य पूरा करने को लेकर सभी आरटीओ कार्यालयों को निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत सड़कों पर उड़नदस्तों द्वारा लगातार चालान कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित समय में टारगेट पूरा करने का दबाव भी अधिकारियों और कर्मचारियों पर बना हुआ है। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है।