Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला LDC की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

post 195

Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला LDC की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Accident: कोटा में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रही महिला LDC की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार में आ रही गत्ते से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से महिला की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला उछलकर करीब पांच फीट दूर डिवाइडर से जा टकराई और मौके पर ही उसकी जान चली गई।

हादसा उद्योग नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतका की पहचान सुनीता मीणा के रूप में हुई है, जो विज्ञान नगर क्षेत्र की निवासी थी और जाखोड़ा पंचायत में लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद पर कार्यरत थी।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली डीसीएम चौराहे से रायपुरा की ओर जा रही थी। ट्रॉली में गत्ता भरा हुआ था और वाहन तेज गति में था। लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने स्कूटी सवार सुनीता मीणा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क से उछलकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि सुनीता मीणा विवाहित थीं और उनका एक बेटा है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।