पोते के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोए दादा, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर 8 साल के बेटे की मौत

1

पोते के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोए दादा, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर 8 साल के बेटे की मौत

हिंडौन सिटी में ट्रक की टक्कर से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। पोते के शव लिपटकर दादा फूट-फूटकर रोने लगे। बच्चा अपने मां-बाप के साथ बाइक पर जा रहा था। पिता ने सड़क किनारे बाइक रोकी, इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना महवा मार्ग पर भारद्वाज पेट्रोल के पास रविवार शाम 4 बजे की है। सूचना पर महू पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की पहचान वजीरपुर थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी प्रियांशु जाट (8) पुत्र ओसपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। महू पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया- रविवार को प्रियांशु अपने पिता ओसपाल और माता आशा देवी के साथ कलसाड़ा में एक रिश्तेदार से मिलने गया था। शाम को तीनों बाइक से अपने गांव शेखपुरा लौट रहे थे। रास्ते में प्रियांशु के पिता ओसपाल के मोबाइल पर किसी का फोन आया तो वह सड़क किनारे बाइक रोककर बात करने लगे। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। चौकी प्रभारी ने बताया कि टक्कर लगने से बाइक पर सबसे आगे बैठा प्रियांशु उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रियांशु के माता-पिता भी बाइक से गिरकर घायल हो गए।