तेज रफ़्तार थार ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, उपचार के दौरान हुई मौत

post 1892 (1)

अलवर: शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा हनुमान सर्किल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

हेड कांस्टेबल राजाराम के अनुसार, मृतक की पहचान लच्छी खान पुत्र इसब उर्फ मिच्छू निवासी इटराना रोड, वार्ड नंबर 33 (समोला क्षेत्र) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मजदूरी करता था और रोज की तरह सुबह फैक्ट्री जाने के लिए निकला था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस थार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच जारी है।