Accident News: बालाजी दर्शन को निकले दंपति पर टूटा कहर, दर्दनाक हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल

सुजानगढ़/चूरू: जिले के सुजानगढ़ कस्बे से करीब 12 किलोमीटर दूर डूंगर बालाजी पहाड़ी पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दर्शन के लिए जा रहे एक बुजुर्ग दंपति की कार चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर दीवार और पत्थरों से टकराते हुए नीचे लुढ़क गई। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार बीदासर निवासी 70 वर्षीय प्रेम रत्न सोनी अपनी पत्नी 65 वर्षीय सोहनी देवी के साथ परिवार सहित डूंगर बालाजी के दर्शन के लिए आए थे। परिवार के अन्य सदस्य पैदल चढ़ाई कर रहे थे, जबकि बुजुर्ग दंपति कार से ऊपर जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे पहाड़ी के पहले घुमावदार मोड़ पर कार असंतुलित हो गई और करीब 200 मीटर नीचे लुढ़कते हुए गेट के पास दीवार और पत्थरों से टकराकर रुक गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और “टीम हारे का सहारा” के संयोजक श्याम स्वर्णकार ने दोनों को तुरंत सुजानगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रेम रत्न सोनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सोहनी देवी को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल हरफूल अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के पुत्र मनोज की रिपोर्ट पर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।