Crime News: पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी बनी कातिल, सरिए से हमला कर उतारा मौत के घाट

जैसलमेर: सरहदी जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सांकड़ा थाना क्षेत्र के लूणा खुर्द गांव में एक महिला ने कथित रूप से अपने पति की हत्या कर दी। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया। मामले के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक हनुमानराम रात को घर के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने लोहे के सरिए से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद इस घटना की मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस का कहना है कि मृतक अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही सांकड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे और पोकरण सीओ भवानी सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को डिटेन कर मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है। महिला से पूछताछ जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।