आसमान से बरस रही आग! राजस्थान में 46°C पार तापमान, 21 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

post 1885 (1)

जयपुर/राजस्थान: प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और थार से चल रही गर्म हवाओं के कारण राजस्थान ‘भट्टी’ जैसा तप रहा है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

रविवार को सरहदी जिला बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम तापमान है। वहीं जैसलमेर में 46.0 डिग्री, फलोदी में 44.8 और जोधपुर में 44.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर भी गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान 42.7 डिग्री तक पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार के लिए 21 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। इनमें कोटा, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, श्रीगंगानगर और अजमेर सहित कई जिले शामिल हैं। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। वर्तमान में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।

हालांकि, राहत की खबर यह है कि मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मंगलवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का प्रभाव भी बढ़ेगा। इसके चलते अगले 3 से 4 दिनों में दोपहर बाद धूलभरी आंधी (40-50 किमी/घंटा) और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के असर से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। उदयपुर सहित कुछ क्षेत्रों में रविवार को हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से आंशिक राहत भी दी है।