बीकानेर: अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, 19 वर्षीय युवक की मौत

बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़, क्षेत्र में बीती रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा सेरूणा थाना क्षेत्र में गोपालसर–जोधासर मार्ग पर रविवार रात करीब 10 बजे हुआ, जब एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के समय ट्रैक्टर पर सवार गोपालसर निवासी राकेश (19) पुत्र गोपालराम कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एएसआई जगदीश प्रसाद मौके पर पहुंचे और शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।