शादी टालनी थी, मंगेतर के परिवार ने गुंडों से पिटवाया:शॉपिंग करवाने के बहाने बुलाया था

शादी टालनी थी, मंगेतर के परिवार ने गुंडों से पिटवाया:शॉपिंग करवाने के बहाने बुलाया था
कोटा में शादी से 8 दिन पहले युवक के मर्डर मामले में मंगेतर और उसके पिता समेत 4 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई अहम खुलासे हुए हैं। इटावा थाना पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि लड़की वाले अभी शादी करना नहीं चाहते थे। उनके मना करने पर भी लड़के वालों ने कार्ड छपवा कर बांट दिए। मैरिज गार्डन और हलवाई बुक कर लिया। इसके बाद लड़की के पिता ने अपने परिवार के साथ मिलकर लड़के के हाथ-पैर तुड़वाने की प्लानिंग की, ताकि 27 अप्रैल का लग्न और 1 मई को होने वाली शादी टल जाए।
दरअसल, 22 अप्रैल को कोटा के इटावा में धर्मेंद्र सेन की हत्या कर दी गई थी। धर्मेंद्र सेन अंगूठी का नाप देने के लिए ससुराल आया था। घर वापस जाते समय 3 हमलावरों ने लाठी और डंडों से हमला किया। इलाज के दौरान धर्मेंद्र सेन ने दम तोड़ दिया था। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- शनिवार को धर्मेंद्र सेन की हत्या के आरोप में मुकुट गोचर निवासी नोनेरा, धर्मेंद्र उर्फ धर्मराज निवासी नोनेरा, जोधराज सैन और उसकी बेटी (मंगेतर) दीक्षा सैन निवासी मुंगेना को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी मुकुट के खिलाफ इटावा, कैथून, खातौली थाने में 8 और धर्मराज के खिलाफ इटावा, बूढादित थाने में 4 मामले दर्ज हैं। इस मामले में चेतन सैन और लड़की का भाई फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।