बीकानेर: करंट की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ऊपनी गांव की रोही में देर रात करीब 11 बजे एक युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय रामप्रताप पुत्र मालाराम गोदारा निवासी ऊपनी अपने खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलने पर आपणो गांव सेवा समिति के सेवादार मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत उपजिला अस्पताल, श्रीडूंगरगढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर बीकानेर रेफर कर दिया गया।
हालांकि, बीकानेर ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। पीबीएम अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।