राजस्थान में ‘हीट डोम’ का असर तेज, लू के साथ उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

post 1830 (1)

राजस्थान में ‘हीट डोम’ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में अब लू के साथ उमस का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान में लू का असर तेज हो गया है, वहीं उत्तर-पूर्वी जिलों में भीषण गर्मी के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। चित्तौड़गढ़ में तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे होने के आसार हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हीटवेव चलने के आसार हैं। खासतौर पर उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हालांकि, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव भी देखने को मिल सकता है। 25 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में और 26 से 28 अप्रैल के बीच पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी या बारिश की संभावना जताई गई है।