बीकानेर: निजी अस्पतालों को थमाए नोटिस, सामने आई ये बड़ी वजह, पढ़े खबर

post 1802 (1)

बीकानेर। प्रदेश में आरजीएचएस योजना के तहत मरीजों का इलाज प्रभावित होने के मामले में सरकार ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। योजना के तहत टीआईडी (Treatment ID) जेनरेट नहीं करने वाले निजी अस्पतालों पर अब अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है।

सहायक परियोजना निदेशक मोहित रांकावत ने बीकानेर संभाग के एक बड़े निजी अस्पताल को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि संबंधित अस्पताल ने अप्रैल माह में एक भी टीआईडी जेनरेट नहीं की, जिसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है। इसके साथ ही जिले के अन्य निजी अस्पतालों को भी जल्द नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है।

सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के अनुसार, ये नोटिस आरजीएचएस मुख्यालय के निर्देशों के आधार पर जारी किए जा रहे हैं और आगे भी सख्त कार्रवाई संभव है। जिले में आरजीएचएस योजना के तहत करीब 12 निजी अस्पताल पंजीकृत हैं, लेकिन आंदोलन के चलते कई जगह टीआईडी जेनरेट नहीं की जा रही है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए भारी खर्च उठाना पड़ रहा है।

उधर, जयपुर में डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद निजी अस्पतालों का विरोध और तेज हो गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के जिला सचिव डॉ. एसएन हर्ष ने कहा कि संगठन ने राज्य सरकार को ज्ञापन देकर मांग की है कि आंदोलन के दौरान टीआईडी न बनाना व्यक्तिगत गलती नहीं बल्कि सामूहिक पेशेवर निर्णय माना जाए।

आईएमए ने मांग की है कि किसी भी अस्पताल पर दंडात्मक कार्रवाई न की जाए और समस्या के समाधान के लिए सरकार उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर बातचीत शुरू करे।