बीकानेर: बहुचर्चित मनीष जांगु हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, पत्नी ने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश; CCTV से खुली परतें

post 1651 (1)

बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में हुए चर्चित मनीष जांगु हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी बाहरी रंजिश का परिणाम नहीं, बल्कि प्रेम-प्रसंग में बाधा बने पति को हटाने की साजिश थी, जिसे उसकी पत्नी ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह:-

पुलिस के अनुसार धुंधवालों की ढाणी (अलाय, नागौर) निवासी मनीष जांगु की शादी कुछ साल पहले निकिता से हुई थी। शुरुआती समय सामान्य रहा, लेकिन बाद में निकिता का झुकाव एक नाबालिग की ओर हो गया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ते-बढ़ते प्रेम संबंध में बदल गईं। मनीष इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

साजिश के तहत दिया जहर, फिर की हत्या:-

बताया जा रहा है कि 17 अप्रैल को नाबालिग ने मनीष को बहाने से बुलाया। जीप में घूमते समय उसे गन्ने के रस में सल्फास मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद साउंड सिस्टम के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

शव को ठिकाने लगाने की कोशिश:-

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रोही बंधड़ा के एक सुनसान तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल करीब दो किलोमीटर दूर फेंक दिया गया, ताकि लोकेशन भ्रमित हो सके।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य बने अहम कड़ी:-

केड़ली गांव के पास स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बोलेरो दिखाई दी। फुटेज में असामान्य हलचल के आधार पर पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद कॉल डिटेल, चैटिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से पूरे मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं।

चार टीमों ने मिलकर किया खुलासा:-

एएसपी ग्रामीण बी.एल. मीणा के नेतृत्व में गठित चार पुलिस टीमों ने गहन जांच कर इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया। सीओ जरनैल सिंह और सीआई अरविंद भारद्वाज सहित टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर जांच को अंजाम दिया। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को निरुद्ध कर लिया है, जबकि पत्नी निकिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।